पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य में सुधार की जानकारी

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को पेट में संक्रमण के कारण शनिवार को श्रीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उनके स्वास्थ्य में अब सुधार है और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।

87 वर्षीय फारूक अब्दुल्ला, जो वर्तमान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के पिता हैं, बीते कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।

हाल ही में फारूक अब्दुल्ला ने लद्दाख के मुद्दे पर केंद्र सरकार को बातचीत का रास्ता अपनाने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि लद्दाख की स्थिति संवेदनशील है और सरकार को स्थानीय लोगों की आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए उनसे संवाद करना चाहिए।

हिंसा की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए अब्दुल्ला ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का बचाव किया और कहा कि वे गांधीवादी विचारधारा पर चलने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा, “वांगचुक शांति के मार्ग से कभी नहीं हटे, उन्हें दोषी ठहराना गलत है। सरकार को दमन नहीं, संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।”

Related Post