27 अगस्त से शुरू होगा गणेशोत्सव, पुलिस-डीजे संचालकों में तनातनी बरकरार

27 अगस्त से शुरू होगा गणेशोत्सव, पुलिस-डीजे संचालकों में तनातनी बरकरार

रायपुर। देशभर में बुधवार 27 अगस्त से गणेशोत्सव का शुभारंभ होगा। इसी कड़ी में रायपुर पुलिस ने उत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। गणेशोत्सव के दौरान डीजे बजाने को लेकर पुलिस और डीजे संचालकों के बीच बैठक हुई। बैठक में रायपुर एएसपी लखन पटले ने सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट की गाइडलाइन का हवाला देते हुए साफ कर दिया कि उत्सव में केवल पारंपरिक वाद्ययंत्रों की अनुमति होगी, डीजे बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एएसपी पटले ने स्पष्ट किया कि डीजे संचालन के लिए प्रशासन की ओर से किसी भी तरह की NOC जारी नहीं होगी। अस्पताल, स्कूल और सार्वजनिक स्थलों से 100 मीटर की परिधि में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे बजाने पर सख्त पाबंदी लागू रहेगी। तेज आवाज में डीजे बजाने की भी अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि एक वाहन पर एक से अधिक बार चालानी कार्रवाई होने पर उस वाहन को जब्त (राजसात) कर लिया जाएगा और जुर्माना भी भारी भरकम होगा।

वहीं दूसरी ओर, रायपुर डीजे-धुमाल संघ ने पुलिस के निर्णय पर आपत्ति जताई है। संघ के अध्यक्ष गौतम महानंद ने कहा कि यदि डीजे पूरी तरह बंद कर दिए गए तो सैकड़ों संचालकों और कलाकारों की रोजी-रोटी पर असर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस बार गणेशोत्सव में वे कम साउंड में ही डीजे-धुमाल बजाने का निर्णय ले रहे हैं। पिछले साल भी उन्हें डीजे बजाने पर भारी चालान भरना पड़ा था। महानंद ने कहा कि गणेशोत्सव हिंदुओं का प्रमुख पर्व है और गणपति बप्पा का आगमन व विसर्जन वे कम आवाज में डीजे-धुमाल के साथ ही करेंगे।

Related Post