रायपुर। CG Vyapam Bharti 2025: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का इंतजार खत्म हो गया है। राज्य सरकार ने कम योग्यता वाले पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य में 5वीं और 8वीं पास उम्मीदवारों के लिए कुल 19 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।
इन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत डार्करूम असिस्टेंट, आग्जीलरी, इंकमैन/इंकर, जूनियर बाईंडर, हमाल, सफाई कर्मचारी, चौकीदार, भृत्य और हेल्पर जैसे पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें से जूनियर बाईंडर पद के लिए न्यूनतम योग्यता 8वीं पास के साथ बाईंडिंग के सभी प्रकार के कार्यों में तीन साल का व्यावहारिक अनुभव अनिवार्य है। वहीं, अन्य सभी पदों के लिए केवल 5वीं पास होना पर्याप्त है।
आवेदन प्रक्रिया शुरू, 25 जुलाई अंतिम तिथि
CG Vyapam Bharti 2025: इच्छुक उम्मीदवार छत्तीसगढ़ व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट vyapam.cgstate.gov.in पर जाकर 25 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा का आयोजन 31 अगस्त 2025 को किया जाएगा। व्यापमं ने परीक्षा तिथि की घोषणा पहले ही कर दी है।
आवेदन शुल्क, आयु सीमा और आरक्षण
- आवेदन शुल्क श्रेणीवार इस प्रकार निर्धारित किया गया है:
- सामान्य वर्ग – ₹350
- ओबीसी वर्ग – ₹250
- अनुसूचित जाति, जनजाति व दिव्यांग – ₹200
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 से 21 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के तहत आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
ग्रामीण युवाओं को मिलेगा स्थायी रोजगार
CG Vyapam Bharti 2025: राज्य सरकार की इस पहल को ग्रामीण और निम्न आयवर्ग के युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर के रूप में देखा जा रहा है। इस भर्ती से जहां सरकारी तंत्र को नई ऊर्जा मिलेगी, वहीं गांव-कस्बों के युवाओं को स्थायी आय का साधन भी प्राप्त होगा।
आवेदन से पहले अधिसूचना जरूर पढ़ें
CG Vyapam Bharti 2025 से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता शर्तें, चयन प्रक्रिया और आवेदन गाइडलाइन आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। उम्मीदवारों से अनुरोध है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ें।




