रायपुर। धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं किसान-अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब तूहर टोकन ऐप को 24×7 उपलब्ध करा दिया गया है। इसके तहत अब टोकन काटने के लिए किसी निर्धारित समय की बाध्यता नहीं रहेगी और किसान दिन-रात किसी भी समय टोकन बुक कर सकेंगे।
सरकार के इस निर्णय से टोकन कटाने के दौरान होने वाली भीड़ और तकनीकी दबाव की समस्या से किसानों को राहत मिलेगी। इसके अनुसार किसान 13 जनवरी तक आगामी 20 दिनों के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उन्हें धान विक्रय की योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
इसके साथ ही राज्य सरकार ने 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों को बड़ी राहत देते हुए टोकन लेने की अवधि 31 जनवरी तक बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर लघु किसानों के लिए यह अतिरिक्त सुविधा प्रदान की गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर किसी भी असुविधा से बचें।
इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। इससे किसान बिना किसी दबाव के अपनी सुविधा के अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि लघु किसानों के लिए टोकन की अवधि बढ़ाना वास्तविक राहत है और राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।




