हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025: सिंगापुर फिर सबसे ताकतवर, पाकिस्तान लगातार चौथे साल कमजोर देशों में शामिल

दुनिया के पासपोर्ट की ताकत बताने वाली प्रतिष्ठित हेनले पासपोर्ट इंडेक्स की नई वैश्विक रैंकिंग जारी की गई है। इस सूची में सिंगापुर एक बार फिर शीर्ष स्थान पर रहा है, जबकि पाकिस्तान लगातार चौथे साल दुनिया के सबसे कमजोर पासपोर्ट वाले देशों में शामिल हुआ है। यह रैंकिंग इस आधार पर तय की जाती है कि किसी देश के नागरिक कितने देशों में बिना वीजा के यात्रा कर सकते हैं।

इस साल जारी सूची में पाकिस्तान को 103वें स्थान पर रखा गया है, जो यमन के साथ संयुक्त रूप से है। इस रैंकिंग के अनुसार, पाकिस्तानी पासपोर्ट धारक 227 देशों में से केवल 31 देशों की यात्रा वीजा-मुक्त कर सकते हैं। इससे पाकिस्तान दुनिया का चौथा सबसे कमजोर पासपोर्ट वाला देश बन गया है।

पाकिस्तान से नीचे केवल तीन देश हैं—इराक 104वें स्थान पर, जिसके नागरिक 29 देशों में बिना वीजा के जा सकते हैं; सीरिया 105वें स्थान पर, जो केवल 26 देशों में वीजा-मुक्त प्रवेश देता है; और सबसे नीचे अफगानिस्तान, जिसका पासपोर्ट धारक केवल 24 देशों में बिना वीजा के यात्रा कर सकता है।

वहीं, एशियाई देशों ने इस बार भी अपनी बढ़त कायम रखी है। सिंगापुर ने फिर से दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट का स्थान हासिल किया है, जो अपने नागरिकों को 193 देशों में वीजा-मुक्त यात्रा की सुविधा देता है।

Related Post