भीषण सड़क हादसा, टेंपो ट्रैवलर ट्रक से टकराया, 15 की मौके पर मौत

फलोदी। राजस्थान के फलोदी जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के 18 लोग बीकानेर स्थित कोलायत मंदिर से दर्शन कर टेंपो ट्रैवलर से लौट रहे थे। हनुमान सागर चौराहे के पास तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा टकराया, जिससे 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

फलोदी के पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने हादसे में मृतकों की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन घायलों को तत्काल ओसियां अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर रेफर किया गया। हादसे की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो ट्रैवलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

डीएसपी अचलसिंह देवड़ा ने बताया कि कई शव वाहन की सीटों और लोहे के ढांचे में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। थाना प्रभारी अमानाराम ने बताया कि सभी मृतक और घायल जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के निवासी थे। हादसे के बाद मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ और राहत दल ने रेस्क्यू अभियान चलाया।

Related Post