बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना देवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुतलूपुर गांव के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, एक बिना नंबर की अर्टिगा कार तेज रफ्तार में ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, दिए राहत और जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।




