गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के भालू डिग्गी जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, यह सामग्री प्रतिबंधित माओवादी संगठन एसडीके एरिया कमेटी की है, जिसे पुलिस और ग्रामीणों को नुकसान पहुंचाने तथा क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से डंप किया गया था। बरामद सामग्री में नक्सली साहित्य, विस्फोटक सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और अन्य संसाधन शामिल हैं।
सुरक्षा बलों ने बरामद सभी वस्तुओं को जब्त कर लिया है और इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह बरामदगी नक्सलियों के इरादों पर बड़ा प्रहार है और इससे क्षेत्र में उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।




