बिलासपुर। रेलवे कोचिंग डिपो में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। वंदे भारत ट्रेन के अतिरिक्त कोच की धुलाई के दौरान ठेका कर्मचारी प्रताप बर्मन 133 केवी हाईटेंशन तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद घायल को पहले रेलवे अस्पताल, फिर सिम्स और अंत में अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक है।
जानकारी के मुताबिक सफाई कार्य के दौरान सामान्यत: बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है। लेकिन इस बार लाइन चालू रखी गई थी। कर्मचारियों को इसकी जानकारी नहीं दी गई, इसी दौरान प्रताप करंट की चपेट में आ गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल दर्द से तड़पता दिख रहा है।
साथी कर्मचारी चरणदास ने आरोप लगाया कि रेलवे कर्मचारी मीणा ने जल्द काम खत्म करने का दबाव बनाया और लाइन बंद होने की सही जानकारी नहीं दी। इसी बीच हादसा हो गया। पीड़ित के दोस्त अरुण सोनवानी ने भी ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
रेलवे के सीनियर DCM अनुराग सिंह ने कहा कि घायल कर्मचारी का इलाज प्राथमिकता से कराया जा रहा है। हादसे की जांच सेफ्टी डिपार्टमेंट को सौंपी गई है और जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। हादसे की असली वजह फिलहाल साफ नहीं है। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी




