जनस्वास्थ्य पर मंत्री की पैनी नजर: जेवरा पीएचसी में अचानक पहुंचे निरीक्षण करने

जनस्वास्थ्य पर मंत्री की पैनी नजर: जेवरा पीएचसी में अचानक पहुंचे निरीक्षण करने

रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज बेमेतरा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जेवरा का अचानक दौरा किया। इस निरीक्षण में सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के भी मौजूद थे। मंत्री ने अस्पताल के सभी कक्षों का जायज़ा लिया और दवाइयों से लेकर मरीजों की देखभाल तक हर पहलू की बारीकी से जांच की।

दवाइयों की जांच और सफाई पर जोर
मंत्री जायसवाल ने अस्पताल में रखी दवाइयों का स्टॉक देखा और उनकी एक्सपायरी डेट तक जांची। उन्होंने दवाइयां सही तरीके से रखने और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मरीजों से सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान मंत्री वार्ड में भर्ती मरीजों से मिले और उनका हालचाल जाना। उन्होंने इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, भोजन, नाश्ता, पेयजल और शौचालय व स्नानागार जैसी बुनियादी सुविधाओं पर मरीजों से फीडबैक लिया।

पंजीयन कक्ष और ओपीडी की स्थिति
जायसवाल ने पंजीयन कक्ष में पहुंचकर यह जानकारी ली कि रोज़ाना कितने मरीज इलाज के लिए आते हैं और कितने भर्ती होते हैं। साथ ही ओपीडी और वार्ड की व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया।

अधिकारियों को सख्त निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों और कर्मचारियों को कहा कि,  मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिले, दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएं, अस्पताल परिसर में साफ-सफाई हमेशा सुनिश्चित हो। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का यह दौरा साफ संकेत देता है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। मरीजों को दवा और इलाज से लेकर साफ-सफाई तक हर सुविधा समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से मिलनी चाहिए।

Related Post