रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून की विदाई सामान्य समय से करीब 10 दिन देर से होगी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी बस्तर संभाग में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी जल्द शुरू हो सकती है, क्योंकि इसके लिए मौसम की परिस्थितियां अब अनुकूल हो रही हैं।
सोमवार को भी मौसम विभाग ने किसी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया है। यानी प्रदेश भर में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिनमें सबसे ज्यादा 40 मिलीमीटर वर्षा नानगुर में हुई। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा क्षेत्र से शुरू होती है। लेकिन इस बार मानसून के लौटने में देरी हो रही है। अनुमान है कि प्रदेश में मानसून करीब 15 अक्टूबर के बाद विदा होगा, यानी सामान्य समय से लगभग 10 दिन बाद।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर तक होने वाली बारिश को ‘मानसूनी वर्षा’ माना जाता है, जबकि उसके बाद होने वाली वर्षा को ‘पोस्ट मानसून’ या ‘मानसून के बाद की बारिश’ कहा जाता है। वर्तमान में देश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन छत्तीसगढ़ में यह अभी कुछ दिनों तक जारी रहेगा




