छत्तीसगढ़ में ‘मोन्था’ का कहर: आसमान में छाए बादल, तेज़ हवाएं और बारिश से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

छत्तीसगढ़ में ‘मोन्था’ का कहर: आसमान में छाए बादल, तेज़ हवाएं और बारिश से जनजीवन प्रभावित
छत्तीसगढ़ में ‘मोन्था’ का कहर: आसमान में छाए बादल, तेज़ हवाएं और बारिश से जनजीवन प्रभावित

रायपुर। अरब सागर से उठे चक्रवात ‘मोन्था’ ने छत्तीसगढ़ में दस्तक दे दी है। प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हैं, हवाएं तेज़ी से बह रही हैं और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। ठंडी हवाओं के साथ मौसम में अचानक ठिठुरन घुल गई है।

मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 24 घंटे छत्तीसगढ़ के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं  कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज़ बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर, बालोद, दुर्ग, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम और मुंगेली।

यलो अलर्ट वाले जिले
रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलौदा बाजार, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा। इन जिलों में बिजली गिरने, गरज-चमक और मध्यम से तेज़ बारिश के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मंगलवार को अंबिकापुर और रायगढ़ में दोपहर के समय जोरदार बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड का असर महसूस किया गया। बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि बेमौसम वर्षा से धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 30.2°C (दुर्ग) और न्यूनतम तापमान 19.2°C (पेंड्रा) रिकॉर्ड किया गया है।

Read Also-  राजनांदगांव में ईडी की बड़ी कार्रवाई, कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी

बस्तर में चलेगी तूफ़ानी हवा
बस्तर संभाग के जिलों में चक्रवाती हवाओं का असर सबसे अधिक रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर और कांकेर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलेंगी। पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने जैसी घटनाओं की आशंका के चलते प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

कल भी नहीं थमेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर (कल) को बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग की अपील
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि तेज हवा और गरज-चमक के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहें, तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। किसानों को सलाह दी गई है कि कटाई की गई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों में पानी भरने से बचाने के उपाय करें।

Related Post