प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गंगा-जमुनी तहजीब की एक अनूठी मिसाल सामने आई है। यहां के रहने वाले सूफियान इलाहाबादी नामक युवक ने उमरा के दौरान मदीना से हिंदू संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य लाभ के लिए दुआ मांगी है। सूफियान का यह भावनात्मक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एक मिनट 20 सेकंड के इस वीडियो में सूफियान मदीना की मस्जिद के सामने खड़े नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में मोबाइल है, जिसमें प्रेमानंद महाराज की तस्वीर दिखाई दे रही है। वीडियो में सूफियान कहते हैं, “ये हमारे प्रेमानंद महाराज जी हैं, हिंदुस्तान के बहुत अच्छे इंसान हैं। मुझे मालूम चला कि इनकी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए मैं यहां से दुआ करता हूं कि ये जल्द ठीक हो जाएं। ये बहुत ही सच्चे और नेक इंसान हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हम मदीने शहर से हिंदू भाई के लिए दुआ करते हैं। न हिंदू, न मुसलमान केवल नेक इंसान होना चाहिए। हम महाराज जी के लिए दुआ करते हैं कि अल्लाह उन्हें सेहत और तंदुरुस्ती अता फरमाए।”
सूफियान प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र के नखास कोना इलाके के निवासी हैं और इन दिनों मदीना दौरे पर हैं।
इससे पहले मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम (पूर्व में होशंगाबाद) के आरिफ खान चिश्ती ने भी संत प्रेमानंद महाराज को अपनी किडनी दान करने की इच्छा जताकर आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की थी।




