मदरसे से 19 लाख रुपये के फर्जी नोट बरामद, इमाम का नाम आया सामने

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में रविवार को पुलिस ने एक मदरसे से करीब 19 लाख रुपये की नकली करेंसी बरामद की है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें मदरसे में नोटों के बंडल दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया।

इमाम के कमरे से बरामद हुए फर्जी नोट
पुलिस के अनुसार, नकली करेंसी मदरसे के उस कमरे से बरामद की गई है जो इमाम जुबेर अंसारी का था। जुबेर अंसारी (33) को कुछ दिन पहले महाराष्ट्र के मालेगांव से गिरफ्तार किया गया था। उस समय उसके पास से 10 लाख रुपये के फर्जी नोट मिले थे। अब खंडवा पुलिस द्वारा की गई तलाशी में उसके कमरे से 19 लाख रुपये की नकली करेंसी बरामद की गई है।

गिनती जारी, जांच तेज
खंडवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तराणेकर ने बताया कि बरामद नोटों की गिनती अब भी जारी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से छपवाए गए और इन्हें कहां भेजा जाना था।

महाराष्ट्र पुलिस की सूचना पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस की सूचना पर की गई। मालेगांव में जुबेर अंसारी और उसके साथी के पास से 10 लाख रुपये की फर्जी करेंसी मिलने के बाद खंडवा पुलिस को जानकारी दी गई थी। इसी सूचना के आधार पर पथिया गांव स्थित मदरसे में छापेमारी की गई, जहां बड़ी मात्रा में नकली नोट मिले।

अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि जुबेर अंसारी किन लोगों के संपर्क में था और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बुरहानपुर और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सक्रिय था। पुलिस दोनों राज्यों की एजेंसियों के साथ मिलकर इस नेटवर्क की कड़ियों को सुलझाने में जुटी है।

Related Post