खैरागढ़। उत्तर बस्तर डिवीजन में सक्रिय सीपीआई (माओवादी) के केंद्रीय समिति सदस्य रामधेर मज्जी ने सोमवार को खैरागढ़ के कुम्ही गांव, बकरकट्टा थाना क्षेत्र में 11 साथियों के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। सभी नक्सलियों ने अपने हथियार पुलिस के हवाले किए।
रामधेर मज्जी ने AK-47 राइफल के साथ सरेंडर किया। उनके साथ डिविजनल कमेटी मेंबर रैंक के चंदू उसेंडी, ललिता, जानकी और प्रेम ने भी आत्मसमर्पण किया, जिनमें से दो के पास AK-47 और इंसास राइफल थीं।
इसके अलावा एरिया कमेटी मेंबर स्तर के रामसिंह दादा और सुकेश पोट्टम ने भी हथियार डालकर पुलिस को सौंपे। पार्टी मेंबर स्तर के लक्ष्मी, शीला, योगिता, कविता और सागर ने भी सरेंडर किया। इन सभी के कब्जे से AK-47, इंसास, SLR, .303 और .30 कार्बाइन सहित कई हथियार बरामद किए गए।
सूत्रों के अनुसार, ये सभी नक्सली महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ (MMC) स्पेशल जोनल कमेटी में सक्रिय थे और उनकी पैठ तीन राज्यों के छह जिलों में फैली हुई थी। पुलिस सभी 12 नक्सलियों से पूछताछ कर रही है।




