शपथ के दूसरे दिन छाए नए मंत्री: राजेश अग्रवाल स्कूटी पर तो खुशवंत साहेब बने फिल्मी हीरो

शपथ के दूसरे दिन छाए नए मंत्री: राजेश अग्रवाल स्कूटी पर तो खुशवंत साहेब बने फिल्मी हीरो

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बने तीन नए मंत्रियों में से दो मंत्री सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आ गए हैं। शपथ ग्रहण के अगले ही दिन मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और मंत्री राजेश अग्रवाल के वीडियो वायरल हो गए, जिन पर अब सियासी बयानबाज़ी भी तेज हो गई है।

गुरु खुशवंत साहेब का डायलॉग वीडियो चर्चा में
नए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसमें वे साउथ सुपरस्टार थलपति विजय की फिल्म का मशहूर डायलॉग बोलते नजर आ रहे हैं – पावर कुर्सी में नहीं, उस पर बैठने वाले में होती है। जो कुर्सी में बैठा है, वही पूरा पावर हाउस है।

इस वीडियो को लेकर कांग्रेस नेताओं ने चुटकी ली और सोशल मिडिया पर लिखा – भाजपा के नए मंत्री की तरफ से पुराने मंत्रियों को प्यार भरा संदेश। हालांकि, गुरु खुशवंत साहेब ने इसे कांग्रेस की ओछी हरकत बताते हुए कहा कि यह वीडियो पांच साल पुराना है, जिसे दुर्भावनावश शपथ ग्रहण के दिन वायरल किया गया। उन्होंने कहा – “कांग्रेस 5 साल तक सतनामी समाज का अपमान करती रही है। आज भाजपा समाज को सम्मान दे रही है और समाजहित में काम कर रही है, इसलिए कांग्रेस को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा है।”

स्कूटी से मंदिर पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल
इधर, मंत्री राजेश अग्रवाल का सादगी भरा वीडियो भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। मंत्री बनने के अगले ही दिन वे बिना सुरक्षा और सरकारी गाड़ी के स्कूटी से लखनपुर स्थित अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर स्कूटी से ही वापस लौटे। इस दौरान रास्ते में लोगों से मिलते और अभिवादन करते भी दिखाई दिए।

Related Post