रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन के दरबार हॉल का नया नाम ‘छत्तीसगढ़ मंडपम’ कर दिया गया। राज्यपाल रमेन डेका ने आज इसका औपचारिक अनावरण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, खेल एवं युवक कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अरुण देव गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में राज्यपाल डेका ने कॉफी टेबल बुक ‘संवृत्ति’ का भी विमोचन किया। यह पुस्तक उनके द्वारा पिछले एक वर्ष में राज्य के सभी जिलों में किए गए भ्रमण और अनुभवों पर आधारित है। इसमें योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, हितग्राहियों से संवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से भेंट और महिला स्व-सहायता समूहों के कार्यों से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को स्थान दिया गया है।




