बिलासपुर। सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और जांजगीर-चांपा जिलों के पुलिस विभाग में कुल 526 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन पदों में आरक्षक चालक एवं आरक्षक ट्रेडमैन शामिल हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत 17 से 19 नवंबर तक ट्रेड टेस्ट आयोजित किया जा रहा है। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की फर्जी जानकारी या लालच से सावधान रहने की सख्त हिदायत दी है।
ट्रेड टेस्ट का आयोजन बिलासपुर संभागीय मुख्यालय के पुलिस परेड मैदान में किया जाएगा। इसमें वही अभ्यर्थी शामिल होंगे जिन्होंने पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफलता प्राप्त की है और लिखित परीक्षा में उपस्थित हुए थे। यह भर्ती वित्तीय वर्ष 2023-24 के अंतर्गत की जा रही है।
केवल बिलासपुर जिले में ही 140 पदों पर भर्ती की जानी है। पहले दिन 17 नवंबर को जिन अभ्यर्थियों को ट्रेड टेस्ट के लिए बुलाया गया है, उनमें शामिल हैं—
- आरक्षक चालक : 100 अभ्यर्थी
- आरक्षक कुक ट्रेड : 5 अभ्यर्थी
- आरक्षक नई ट्रेड : 11 अभ्यर्थी
- आरक्षक टेलर ट्रेड : 4 अभ्यर्थी
पुलिस विभाग ने सभी उम्मीदवारों से निर्धारित समय पर उपस्थित होने, आवश्यक दस्तावेज साथ लाने और नियमों का पालन करने की अपील की है।
यह भर्ती न केवल युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका है, बल्कि पुलिस बल को भी नई ऊर्जा देने का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




