रायपुर। राजधानी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। गंज थाना पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में हर्ष आहूजा, मोनू विश्नोई और दीप धनोरिया शामिल हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से 27.58 ग्राम एमडीएमए (कीमत लगभग 2 लाख रुपये), एक कार और 85,300 रुपये नकद जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से रायपुर ड्रग्स सप्लाई करने आए थे। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके।
Read Als0- वंदे भारत कोच की धुलाई के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन तार की चपेट में आया ठेका कर्मी, हालत नाजुक
एक महीने में 30 से ज्यादा गिरफ्तारियां
पिछले एक महीने में राजधानी पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के मामलों में लगातार कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है। इस दौरान करोड़ों रुपये की कीमत का नशा बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि तस्करों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और उनके नेटवर्क को तोड़ने के लिए मुखबिर तैनात किए गए हैं।
सफेदपोशों की संलिप्तता की आशंका
जांच अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि वे कब से रायपुर में सक्रिय थे, किस सिंडिकेट से ड्रग्स लाते थे और स्थानीय स्तर पर किन लोगों से जुड़े हुए थे। पुलिस को संदेह है कि इस नेटवर्क में कुछ सफेदपोश लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




