गांधीनगर। गुजरात की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मौजूदा सरकार के सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को अपने इस्तीफे सौंप दिए हैं। इससे नए मंत्रिमंडल का मार्ग साफ हो गया है। मुख्यमंत्री देर रात राज्यपाल से मुलाकात कर इस्तीफे और नए मंत्रियों के नामों की सूची सौंपेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाले मंत्रिपरिषद का विस्तार शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे होगा। मौजूदा गुजरात कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 17 मंत्री हैं, जिनमें 8 कैबिनेट मंत्री और 8 राज्य मंत्री शामिल हैं। विधानसभा में कुल 182 सदस्य हैं और सदन के 15 प्रतिशत या 27 मंत्री हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, नए मंत्रिपरिषद में करीब 10 नए मंत्री शामिल किए जा सकते हैं और लगभग आधे मौजूदा मंत्रियों को बदला जा सकता है। शपथ ग्रहण के बाद नए मंत्रियों को देर रात इसकी जानकारी दी जाएगी।
कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए 3 से 4 विधायकों को मंत्री पद मिलने की संभावना है, जबकि अधिकांश नए चेहरे भाजपा के मौजूदा सदस्य होंगे। नए मंत्रिमंडल में जातिगत समीकरण और समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा जाएगा। इस बदलाव में युवा और अनुभवी नेताओं का संतुलित मिश्रण देखने को मिलेगा।




