रायपुर। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष शरत पांडेय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ से एक बड़ा दल बिहार चुनाव प्रचार के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर रायपुर जिलाध्यक्ष साजू वी. थॉमस भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ बिहार के लिए प्रस्थान हुए।
यात्रा के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान का जन्मदिन ट्रेन में ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
प्रदेश अध्यक्ष शरत पांडेय ने कहा कि बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का जनाधार बेहद मजबूत है और इस बार पार्टी के प्रत्याशी शत-प्रतिशत सीटों पर विजयी रहेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता आज भी पार्टी के संस्थापक, पद्मभूषण से सम्मानित रामविलास पासवान को राजनीतिक मौसम वैज्ञानिक के रूप में याद करती है। उनके नेतृत्व में पार्टी ने हमेशा गरीबों, दलितों और वंचितों के हक की आवाज उठाई है।
रायपुर जिलाध्यक्ष साजू वी. थॉमस ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान की सोच और योजनाओं के कारण ही आज देशभर में गरीबों को अनाज कल्याण योजना का लाभ मिल रहा है। कोरोना काल के दौरान भी यह योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हुई, जिससे कोई भूखा न रहे — यह उनकी दूरदृष्टि और जनसेवा की भावना का परिणाम है।
नेताओं ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की लहर चल रही है और बिहार में एनडीए सरकार पुनः बनेगी, जिसमें लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की निर्णायक भूमिका होगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शरत पांडेय, रायपुर जिलाध्यक्ष साजू वी. थॉमस, छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश कौशिक, कोरबा जिलाध्यक्ष राजकुमार दुबे, खेल प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिहार चुनाव अभियान के लिए रवाना हुए।




