रणजी ट्रॉफी प्रैक्टिस मैच में आउट होते ही फूटा पृथ्वी शॉ का गुस्सा, गेंदबाज को की बल्ले से मारने की कोशिश

रणजी ट्रॉफी प्रैक्टिस मैच में आउट होते ही फूटा पृथ्वी शॉ का गुस्सा, गेंदबाज को की बल्ले से मारने की कोशिश

स्पोर्ट्स डेस्क। आगामी रणजी ट्रॉफी सीजन से पहले मुंबई और महाराष्ट्र के बीच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेला जा रहा है। इस मैच में पृथ्वी शॉ ने मुंबई को छोड़कर महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शॉ ने शानदार शतक (181 रन) बनाते हुए अपने पूर्व टीम मुंबई के खिलाड़ियों के साथ तीखी बहस में फंस गए। महाराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। शॉ ने सलामी बल्लेबाज के रूप में 220 गेंदों में 181 रन बनाए, जिसमें 21 चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनके साथी सलामी बल्लेबाज अर्शिन कुलकर्णी ने भी 140 गेंदों में 186 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 305 रनों की साझेदारी की।

लेकिन शॉ के आउट होने के बाद विवाद शुरू हो गया। शॉ 74वें ओवर में मुशीर खान की गेंद पर स्क्वायर लेग पर कैच आउट हुए। रिपोर्ट्स के अनुसार, मुशीर ने शॉ का मजाक उड़ाते हुए “थैंक यू” कहा, जिससे शॉ गुस्से में आ गए और उन्होंने मुशीर की ओर बल्ले से झपट्टा मारने की कोशिश की। बाद में शॉ ने मुशीर का कॉलर पकड़ने की भी कोशिश की, जिसे अंपायर और अन्य खिलाड़ियों ने रोक लिया।

इस घटना के बाद पृथ्वी शॉ और महाराष्ट्र के अन्य खिलाड़ी सिद्धेश लाड के बीच भी बहस हुई। महाराष्ट्र के कप्तान अंकित भवने ने इसे मामूली घटना बताते हुए कहा, “यह एक अभ्यास मैच है। सभी खिलाड़ी पहले एक साथ खेल चुके हैं। ऐसी चीजें हो जाती हैं। अब सब ठीक है और कोई विवाद नहीं है।”

हालांकि इस घटना के बाद न मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) और न ही महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MACA) ने कोई आधिकारिक शिकायत या कार्रवाई की है।

पृथ्वी शॉ का विवादों से पुराना नाता रहा है। कुछ साल पहले उनके यूट्यूबर के साथ विवाद का वीडियो भी सामने आया था। शॉ लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं और वे डोमेस्टिक क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के जरिए भारतीय टीम में वापसी करना चाहते हैं। ध्यान देने योग्य बात यह है कि IPL 2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में शॉ अनसोल्ड रहे थे।

Related Post