प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची जारी, 51 सीटों पर नाम घोषित, किन्नर और भोजपुरी स्टार को भी मिला टिकट

पटना। प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए गुरुवार को अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी। इस सूची में 51 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। इनमें 17 टिकट अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) को, 11 पिछड़ा वर्ग (OBC) को, 9 अल्पसंख्यक समुदाय को और बाकी सामान्य वर्ग के प्रत्याशियों को दिए गए हैं। पार्टी ने बताया कि आने वाले दिनों में हर 1-2 दिन के अंतराल पर नई सूची जारी की जाएगी और जल्द ही सभी 243 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान पूरा होगा।

सबसे ज्यादा चर्चा में गोपालगंज की भोरे सीट है, जहां से जनसुराज ने प्रीति किन्नर को प्रत्याशी बनाया है। यह कदम पीके की समावेशी राजनीति की दिशा में एक अहम संदेश माना जा रहा है। प्रीति लंबे समय से जनसुराज से जुड़ी हैं और उनके टिकट की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

वहीं रोहतास जिले की करगहर सीट से भोजपुरी अभिनेता और गायक रितेश पांडे को उम्मीदवार बनाया गया है। उनके मैदान में उतरने से यहां का मुकाबला रोचक हो गया है। रितेश युवाओं में काफी लोकप्रिय हैं और हाल ही में जनसुराज से जुड़े थे।

पटना की कुम्हरार सीट से पार्टी ने प्रसिद्ध शिक्षक और लेखक केसी सिन्हा को टिकट दिया है, जिन्हें ‘महागुरु’ के नाम से जाना जाता है। वे गणित और भौतिकी विषय पर 70 से अधिक किताबें लिख चुके हैं और शिक्षा जगत में बड़ा नाम हैं।

इसके अलावा, पार्टी ने मीनापुर से तेज नारायण सहनी, सहरसा से किशोर मुन्ना, छपरा से पूर्व एडीजी जेपी सिंह, इमामगंज से अजीत राम, और मांझी से वाईवी गिरी को टिकट दिया है। जनसुराज की यह पहली सूची पीके की सामाजिक संतुलन और नए चेहरों पर दांव लगाने की रणनीति को दर्शाती है।

Related Post