रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र अंतर्गत साइंस सेंटर रोड पर आपसी रंजिश के चलते करीब 10 से 15 युवकों के गुट ने एक युवक को घेरकर दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। लात-घूंसों और थप्पड़ों से की गई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक को सड़क पर दौड़ाकर घेर लिया गया और फिर गिराने के बाद उस पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। इस दौरान मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई।
शिकायत नहीं, पुलिस वीडियो के आधार पर जांच में जुटी
पंडरी थाना प्रभारी कमलेश देवांगन ने बताया कि घटना के संबंध में अब तक किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि, वीडियो रविवार से वायरल हो रहा है। फुटेज की जांच कर हमलावर युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय लोगों में रोष, पुलिस गश्त पर सवाल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि साइंस सेंटर रोड और आसपास के इलाकों में अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। आए दिन हंगामे और झगड़े की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन पुलिस की गश्त कमजोर होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का मानना है कि जब तक पुलिस की मौजूदगी और पेट्रोलिंग नहीं बढ़ाई जाएगी, तब तक इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल होगा।




