नई दिल्ली। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन पर सख्ती बढ़ा दी है। अब इन ट्रेनों की समयपालन की प्रतिदिन निगरानी की जाएगी और इसकी जिम्मेदारी सीधे मंडल रेल प्रबंधकों (डीआरएम) को दी गई है।
रेलवे बोर्ड ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी स्थिति में विशेष ट्रेनें देरी से नहीं चलनी चाहिए। इसके लिए सभी स्तरों पर जवाबदेही तय की जाएगी। लंबे समय से यह देखा गया है कि विशेष ट्रेनों पर सामान्य मेल या एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह निगरानी नहीं होती, जिसके कारण यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ती है।
अब रेलवे बोर्ड ने सभी डीआरएम को आदेश दिया है कि वे खुद इन ट्रेनों की स्थिति पर नजर रखें और सुनिश्चित करें कि संचालन समय पर हो। रेल भवन में बने वॉर रूम से इन सभी ट्रेनों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
इसके साथ ही प्रत्येक मंडल की कार्यक्षमता का मूल्यांकन अब इस बात पर भी आधारित होगा कि वह देरी से पहुंची ट्रेनों की गति सुधारने में कितना सफल रहा। रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (सूचना एवं प्रचार) दिलीप कुमार ने कहा कि यह कदम यात्रियों की सुविधा और रेलवे की विश्वसनीयता को और मजबूत करेगा।




