कर्नाटक में सिद्धारमैया ने बुलाई डिनर बैठक, कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज

बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोमवार को अपने सभी कैबिनेट सहयोगियों के लिए डिनर बैठक का आयोजन किया। यह बैठक राज्य में कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने से कुछ सप्ताह पहले हुई है, जिससे मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

बैठक के बाद मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि डिनर मीटिंग का मुख्य एजेंडा बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी), जिला पंचायत और तालुक पंचायत (टीपी) चुनावों की तैयारी थी। उन्होंने कहा कि बैठक में चुनावों से जुड़ी रणनीतियों और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा हुई।

रामलिंगा रेड्डी ने स्पष्ट किया कि मंत्रियों के प्रदर्शन का कोई मूल्यांकन इस बैठक में नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह चुनावों पर केंद्रित बैठक थी।

गौरतलब है कि यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब कांग्रेस के भीतर सत्ता हस्तांतरण की चर्चा एक बार फिर जोर पकड़ रही है। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थक लगातार यह दावा कर रहे हैं कि सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद मुख्यमंत्री पद उन्हें सौंपा जाएगा। हालांकि, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया या पार्टी नेतृत्व की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

Related Post