रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने सभी कर्मचारियों के लिए ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया गतिविधियों पर सख्त रोक लगा दी है। अब कर्मचारियों को ब्लॉगिंग, वीडियो रिकॉर्डिंग, रील बनाने या किसी भी प्रकार की सोशल मीडिया गतिविधि करना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने यह कदम हाल ही में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों द्वारा बनाए गए वीडियो और रील के वायरल होने के बाद उठाया है, जिससे रेलवे की सुरक्षा, अनुशासन और छवि पर सवाल उठे थे। SECR ने इसे गंभीर सुरक्षा जोखिम मानते हुए स्पष्ट किया है कि ट्रेन, स्टेशन, कंट्रोल रूम, यार्ड, कैबिन या किसी भी संवेदनशील रेलवे परिसर में वीडियोग्राफी सख्त वर्जित है।
मुख्य निर्देश:
- ड्यूटी के दौरान या वर्दी में रेलवे परिसर में वीडियो या फोटो लेना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
- लोको पायलट, गार्ड एवं ट्रेन संचालन से जुड़े कर्मचारियों का मोबाइल उपयोग केवल आवश्यक आधिकारिक कार्यों तक सीमित रहेगा।
- गैर-संचालन क्षेत्रों में अवकाश के समय भी रेलवे संसाधनों का उपयोग कर सोशल मीडिया कंटेंट बनाना वर्जित है।
रायपुर मंडल के सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने कहा, “ड्यूटी के दौरान मोबाइल से रील या वीडियो बनाना पूरी तरह नियम विरुद्ध है। बिना अनुमति कोई भी कंटेंट नहीं बनाया जा सकता। सभी अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और कर्मचारियों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है।”




