नई दिल्ली। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की सीएचएसएल भर्ती परीक्षा 2025 का इंतजार अब समाप्ति की ओर है। आयोग के पुराने नोटिस के अनुसार, सीजीएल परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी होने के बाद सीएचएसएल परीक्षा का आयोजन इसी महीने से शुरू किया जाना है। एसएससी द्वारा सीजीएल आंसर-की जारी कर दी गई है, जिससे अब कभी भी सीएचएसएल परीक्षा की तिथि घोषित की जा सकती है।
सितंबर में होनी थी परीक्षा, अब नए शेड्यूल की प्रतीक्षा
पहले सीएचएसएल परीक्षा 8 से 18 सितंबर 2025 तक प्रस्तावित थी, लेकिन सीजीएल परीक्षा में हुई देरी के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया। अब उम्मीदवारों को नई परीक्षा तिथियों का इंतजार है। संभावना है कि आयोग इस सप्ताह परीक्षा का नया शेड्यूल जारी कर सकता है। साथ ही, परीक्षा शहर की जानकारी देने वाली सिटी स्लिप भी तिथि के साथ जारी हो सकती है।
सिटी स्लिप ऐसे करें डाउनलोड
एसएससी सीएचएसएल परीक्षा 2025 की सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी होने के बाद उम्मीदवार निम्न चरणों से इसे डाउनलोड कर सकेंगे—
- सबसे पहले एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर Notice Board सेक्शन में संबंधित नोटिस पर क्लिक करें।
- “SSC CHSL Exam 2025 City Slip Download” लिंक खोलें।
- अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करें।
- सब्मिट करते ही परीक्षा शहर की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।
एडमिट कार्ड और परीक्षा पैटर्न
सिटी स्लिप जारी होने के बाद अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से लगभग चार दिन पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर पाएंगे। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो चार विषयों — जनरल इंटेलिजेंस, जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और इंग्लिश लैंग्वेज — से होंगे। प्रत्येक सेक्शन में 25 प्रश्न होंगे और कुल परीक्षा अवधि 60 मिनट की होगी। यह टियर-1 परीक्षा होगी, जिसे पास करने वाले उम्मीदवार अगली चरण की परीक्षा के लिए पात्र होंगे।




