लम्बे इंतजार के बाद एनएच में सुपेला से चंद्रा मौर्या तक बने फ्लाईओवर को शुरू कर दिया गया है। कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री भूपेश बघले ने यहां से गुजर कर ब्रिज का औपचारिक उद्घाटन किया था। इस ब्रिज के शुरू होने से शहर के नीचे होने वाला यातायात का दबाव पूरी तरह से खत्म हो गया है।
ब्रिज के उद्घाटन से एक दिन पहले दुर्ग कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा, महापौर नीरज पाल और एनएच के अधिकारियों ने ब्रिज का निरीक्षण किया था। इसके बाद कलेक्टर इसे शुक्रवार से शुरू करने के निर्देश दिए थे। ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने ब्रिज के सामने लगे बेरीकेट्स को हटाकर इसे शुरू कराया। रायपुर से दुर्ग को जोड़ने वाले एनएच 53 में बन रहे 5 ओवरब्रिज में सुपेला ओवर ब्रिज ऐसा पहला ब्रिज बन गया है, जो सबसे पहले पूरी तरह से चालू हुआ है। इससे पहले कुम्हारी ओवरब्रिज के एक साइड से शुरू किया गया था। सुपेला ओवर ब्रिज शुरू होने के बाद रायपुर से दुर्ग और दुर्ग रायपुर को जाने वाला पूरा हैवी और लाइट ट्रैफिक ब्रिज से निकलने लगा है। इससे सुपेला क्षेत्र में लगने वाले जाम से मुक्ति मिल गई है। अब भिलाई के लोग आसानी से यहां आना जाना करके मार्केट कर पाएंगे।

पहले एक ओर से खोला गया था फ्लाईओवर ब्रिज
सुपेला फ्लाईओवर ब्रिज के रायपुर से दुर्ग की साइड को लगभग दो से तीन महीने पहले खोला गया था। उस दौरान ब्रिज का लोड टेस्टिंग नहीं हुआ था। इसी दौरान कुम्हारी ब्रिज में दुर्घटना होने के चलते इसे बंद कर दिया गया। जब ये पूरी तरह से कंप्लीट हो गया है तो इसे दोनों साइड से खोला दिया गया है।

एक साल देरी से शुरू हुआ है ब्रिज
सुपेला फ्लाई ओवर 1569 मीटर लंबा है। यह ब्रिज 87.20 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय से जारी टेंडर के मुताबिक इस ब्रिज को जून 2022 में बन कर तैयार हो जाना था, लेकिन यह समय पर पूरा नहीं हो सका। कोविड संक्रमण और बारिश के चलते ब्रिज के निर्माण में देरी हुई और यह लगभग एक साल बाद शुरू हो सका है।