पटना। जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेजप्रताप यादव ने पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी आगे बढ़ें और उनका भविष्य उज्ज्वल हो। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बढ़ी हुई सुरक्षा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी जान को खतरा है तथा कई दुश्मन उन्हें नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।
तेजप्रताप ने कहा, तेजस्वी का जन्मदिन है और मैं उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं तथा उन्हें अपना आशीर्वाद देता हूं। मेरी सुरक्षा इसलिए बढ़ाई गई है क्योंकि मेरी जान को गंभीर खतरा है। लोग मुझे मरवा देंगे। बहुत सारे दुश्मन हैं।
गृह मंत्रालय का निर्देश
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तेजप्रताप यादव को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश जारी किया है। इस श्रेणी में सीआरपीएफ के कमांडो सहित कुल 11 जवान तैनात रहते हैं। सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया।
तेजप्रताप ने परिवार तथा राष्ट्रीय जनता दल से अलग होने के बाद जनशक्ति जनता दल का गठन किया था। वे इस बार महुआ विधानसभा क्षेत्र से अपनी पार्टी के प्रत्याशी भी हैं।
बढ़ते अपराध और सियासी तनाव
बिहार में विधानसभा चुनाव के बीच अपराध की बढ़ती घटनाओं तथा सियासी तनाव के मद्देनजर तेजप्रताप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार से सुरक्षा बढ़ाने की अपील की थी। मोकामा में दुलार चंद यादव की हत्या के बाद उन्होंने कहा था कि राज्य में आपराधिक घटनाएं चिंताजनक हैं तथा केंद्र व राज्य सरकार को उनकी सुरक्षा बढ़ानी चाहिए ताकि वे निर्भीक होकर चुनाव प्रचार कर सकें।
वाई प्लस श्रेणी सुरक्षा की विशेषताएं
वाई प्लस श्रेणी में आर्म्ड पुलिस के 11 जवान तैनात होते हैं। इनमें पांच स्टैटिक जवान लाभार्थी के निवास स्थान एवं आसपास चौबीसों घंटे ड्यूटी देते हैं तथा शेष छह पीएसओ तीन शिफ्ट में व्यक्तिगत सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।




