रायपुर। राजधानी रायपुर के गोगाँव सर्किल अंतर्गत लोधी भवन में 11 अगस्त को भोजली उत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर प्रदेश लोधी समाज के प्रदेश महासचिव कृष्ण कुमार सिंगौर, प्रदेश उपाध्यक्ष अधीन जंघेल, रायपुर जिला अध्यक्ष तेजशंकर जंघेल, महिला अध्यक्ष पूजा जंघेल तथा कोषाध्यक्ष प्रकाश जंघेल बतौर अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में गोगाँव सर्किल के महिला एवं पुरुष पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। उत्सव के दौरान श्रेष्ठ भोजली एवं परिधान के आधार पर चयनित प्रतिभागियों को मेडल एवं मोमेंटो प्रदान किए गए। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले बच्चों को मेडल एवं नगद राशि से सम्मानित किया गया। समाज के प्रतिभावान बच्चों को भी प्रतिभा सम्मान से नवाजा गया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान लोधी समाज की महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ भागीदारी की और भोजली उत्सव शोभायात्रा में शामिल होकर परंपरा को जीवंत किया।




