महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक घटना सामने आई है। धान बेचने के लिए टोकन नहीं कटने की परेशानी से जूझ रहे किसान ने तनाव में आकर अपने ही गले पर ब्लेड चला लिया। किसान की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
मिली जानकरी के अनुसार, घटना ग्राम सेनभाठा की है। गंभीर रूप से घायल किसान मनबोध गांडा के आत्मघाती कदम उठाने के बाद ग्रामीणों की सूचना पर 112 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
Read Also- 31 दिसंबर तक आधार-पैन लिंक करना अनिवार्य, नहीं तो….
ग्रामीणों के मुताबिक मनबोध गांडा सुबह लगभग 8 बजे घर से गाय चराने निकले थे। इसी दौरान वे खेत पहुंचे और ब्लेड से गले पर वार कर लिया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उन्हें खून से लथपथ अवस्था में देखा और तत्काल परिजनों को खबर दी। परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
तीन दिनों तक च्वाइस सेंटर के चक्कर, फिर भी नहीं मिला टोकन
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि किसान मनबोध बीते तीन दिनों से धान बिक्री के लिए टोकन कटवाने च्वाइस सेंटर के चक्कर लगा रहे थे। हर दिन सेंटर से खाली हाथ लौटने और कोई समाधान न मिलने से वे बेहद मानसिक तनाव में थे। लगातार बढ़ती परेशानी के चलते उन्होंने यह भयावह कदम उठाया।




