धर्म परिवर्तन का खेल हुआ फेल,  चार लोग गिरफ्तार, बाइबिल और धर्म प्रचार सामग्री बरामद

जौनपुर। पुलिस ने धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। आरोप है कि ये लोग प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से बाइबिल, ईसाई भजन माला, धर्म प्रचार से जुड़े रजिस्टर, फोटो फ्रेम और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल में धर्म परिवर्तन से जुड़ी चैटिंग, वीडियो और तस्वीरें भी मिली हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक केराकत के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरकी गांव निवासी गीता देवी पत्नी राम अवध, रंजना कुमारी पुत्री राम अवध, सोनू पुत्र लहरू राम और विजय कुमार पुत्र हरिकंचन के रूप में हुई है।

गीता देवी के पास से ईसा मसीह की फोटो फ्रेम, बाइबिल, “भोजपुरी एवं हिन्दी मसीही भजन माला” पुस्तक और एक एंड्रॉयड मोबाइल मिला, जिसमें धर्म परिवर्तन से संबंधित वीडियो व चैटिंग पाई गई। रंजना कुमारी के पास से दो बाइबिल, चार रजिस्टर, एक ईसाई भजन संग्रह, सैमसंग मोबाइल और टैबलेट बरामद हुए, जिनमें धर्म प्रचार की सामग्री थी। वहीं विजय कुमार के पास से पवित्र बाइबिल और इनफिनिक्स मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले की जांच  जारी है।

Related Post