भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में बीती रात एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनू बाबू रेड्डी के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में पड़ोसी सुधाकर मोहरे और उसके बेटे धन्ना को हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोनू बाबू रेड्डी पांच साल पहले आपसी रंजिश में मोहल्ले के ही एक युवक की हत्या के मामले में जेल गया था। इस केस में पड़ोसी सुधाकर की पत्नी गवाह थी। सोनू हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
शराब के नशे में गुरुवार की रात को वह चाकू लेकर सुधाकर के घर पहुंचा और उसकी पत्नी को धमकाने लगा। इसी दौरान सोनू का सुधाकर और धन्ना से विवाद हो गया। कहा-सुनी हाथापाई में बदल गई। इस दौरान सोनू के हाथ से चाकू छूट गया, जिसे उठाकर बाप-बेटे ने उसके पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मौके पर ही सोनू की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा।
CSP हेम प्रकाश नायक ने बताया कि मृतक सोनू आपराधिक प्रवृत्ति का था और कई मामलों में शामिल रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह गवाह को डराने गया था, लेकिन खुद ही वारदात का शिकार हो गया।




