मुंबई। सशस्त्र बल न्यायाधिकरण के एक न्यायाधीश के मुंबई स्थित आवास से करीब 4.82 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना में दो घरेलू सहायकों के खिलाफ गामदेवी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, न्यायाधीश की पत्नी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। चोरी की यह वारदात भूलाभाई देसाई रोड स्थित बेल्वेडियर अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में 21 फरवरी से 6 अक्टूबर के बीच हुई।
शिकायत में बताया गया है कि जब न्यायाधीश और उनकी पत्नी शहर से बाहर थे, उस दौरान मध्य प्रदेश और बिहार के रहने वाले दोनों आरोपी घरेलू सहायकों ने 35 ग्राम सोने के सिक्के सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। दोनों आरोपी उसी फ्लैट के सर्वेंट रूम में रह रहे थे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इनमें से एक आरोपी ने अगस्त में बिना बताए नौकरी छोड़ दी, जबकि दूसरा कुछ समय बाद काम पर आना बंद कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।




