नई दिल्ली। ज्योतिष शास्त्र में शुक्र ग्रह का गोचर विशेष महत्व रखता है। शुक्र, जो प्रेम, सौंदर्य, कला, भौतिक सुख और वैवाहिक जीवन का कारक है, का राशि और नक्षत्र परिवर्तन सभी 12 राशियों पर प्रभाव डालता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, 17 अक्टूबर 2025 को शुक्र ग्रह उत्तरफाल्गुनी नक्षत्र से निकलकर दोपहर 12:55 बजे हस्त नक्षत्र में प्रवेश करेगा। इस गोचर से सभी राशियां प्रभावित होंगी, लेकिन मकर, तुला और वृषभ राशि के जातकों के लिए यह विशेष रूप से लाभकारी होगा।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए शुक्र का हस्त नक्षत्र गोचर अत्यंत लाभकारी रहेगा। नौकरी या व्यवसाय में बड़ा लाभ मिल सकता है, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। घर-परिवार को सजाने में रुचि बढ़ेगी और पारिवारिक जीवन में सुख-शांति रहेगी। कला, संगीत या रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों को मान-सम्मान की प्राप्ति हो सकती है।
तुला राशि
शुक्र तुला राशि का स्वामी ग्रह है, इसलिए यह गोचर तुला राशि के जातकों के लिए विशेष फलदायी होगा। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और अविवाहित जातकों के लिए विवाह के प्रस्ताव आ सकते हैं। महंगी वस्तुओं की खरीदारी संभव है। कार्यक्षेत्र में संतुलन बना रहेगा।
वृषभ राशि
वृषभ राशि के स्वामी भी शुक्र हैं। यह गोचर वृषभ जातकों के लिए नई ऊर्जा और उत्साह लाएगा। पारिवारिक जीवन में तालमेल बढ़ेगा और भौतिक सुखों की प्राप्ति होगी। प्रेम संबंधों में स्थिरता आएगी और लग्जरी वस्तुओं की खरीद का योग बनेगा। वैवाहिक जीवन में मधुरता बढ़ेगी।




