लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) में कार्यरत ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम इंजीनियर आकाशदीप गुप्ता की मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें परिजनों ने लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

आलमबाग पुलिस ने अस्पताल प्रशासन की सूचना पर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, जबकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

आकाशदीप गुप्ता अपनी पत्नी भारती गुप्ता के साथ दिल्ली में रहते थे। दोनों की शादी इसी साल अप्रैल में हुई थी और दिवाली के अवसर पर वे अपने पैतृक घर लखनऊ आए थे। उनके पिता कुलदीप गुप्ता जनवरी में उत्तर प्रदेश होम गार्ड से सेवानिवृत्त हुए हैं।

आलमबाग इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। परिवार के अनुसार आकाशदीप को शाम को थोड़ी असुविधा हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

Related Post