शीतल मंडल की खबर
नवरंगपुर। ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित नवरंगपुर जिले के मारनपाली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मृतका की पहचान 25 वर्षीय रुक्मणि मृदुली के रूप में की गई है, जबकि आरोपी पति का नाम दुमू मृदुली (30 वर्ष) बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई को रुक्मणि और दुमू दोनों मंडाई मेले में घूमने गए थे। मेला देखकर दोनों रात को घर लौटे, खाना खाया और सो गए। लेकिन अगली सुबह जब पति की नींद खुली, तो रुक्मणि मृत अवस्था में बिस्तर पर पाई गई।
इस घटना की जानकारी मृतका के पिता राम जानी और भाई को 7 जुलाई को मिली, जिसके बाद वे तुरंत रुक्मणि के ससुराल नानाशपानी पहुंचे। बेटी की हालत देख उन्होंने तत्काल रायघाट थाना को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध हत्या का लग रहा है। रायघाट पुलिस ने पति दुमू मृदुली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रायघर पुलिस का कहना है कि जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फिलहाल, आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इधर, गांव में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। मृतका के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।




